इंदौर में एक महिला ने तीसरी मंजिल पर बने टावर से कूदकर अपनी जान दे दी
इंदौर में एक महिला ने तीसरी मंजिल पर बने टावर से कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि पति से किसी बात पर विवाद के बाद महिला ने ये कदम उठाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना शहर के लसूड़िया क्षेत्र की शनिवार की है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिवार को सौंपा है। टीआई तारेश सोनी ने बताया- घटना ग्रीन प्री-व्यू EWS क्वार्टर की है। मृतक महिला का नाम अंगूरी बाई (25) है। पुलिस के मुताबिक पति से विवाद के बाद अंगूरी छत पर चली गई और वहां तीसरी मंजिल पर बने टावर पर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी। हादसे के समय लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की। लेकिन वह नहीं मानी। पुलिस के मुताबिक घटना के समय महिला का 5 साल का बेटा, 3 साल की बेटी और सास भी घर पर मौजूद थे। अंगूरी बाई का पति निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने रविवार को परिवार के सदस्यों के बयान भी लिए हैं।
स्कूल में हाउस कीपिंग का काम करती थी महिला
पास के स्कूल में छूट्टी होने के बाद टोली बनाकर घर जा रहे बच्चे भी इसी को लेकर बातचीत कर रहे थे। महिला इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में हाउस कीपिंग का काम करती थी। महिला का परिवार इस बिल्डिंग में करीब डेढ़ साल से तीसरे माले पर रह रहा था। पड़ोस की एक महिला ने कहा कि दोनों पति-पत्नी ज्यादा किसी से बात नहीं करते थे। हां, कई बार उनके बीच झगड़े होते थे, लेकिन कभी उसने किसी से इसे लेकर बात नहीं की। एकाध बार कभी परिवार और पैसों को लेकर परेशान होने की बात जरूर कही थी। रहवासियों ने बताया कि घटना वाले दिन राहुल भी काम से जल्दी वापस आ गया था। दोपहर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और शाम में ये घटना हो गई। परिवार महिला की डेड बॉडी लेकर रायसेन जिले के मंडीदीप रवाना हो गया। अंगूरी बाई का पति निजी कंपनी में नौकरी करता है। पति शराब पीने का भी आदी है। वह आए मारपीट करता था। प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आई है कि इसी से परेशान होकर महिला ने ये कदम उठाया है। राहुल स्कूल से लेट आने पर उसके चरित्र पर शंका भी करता था। घटना के वक्त छत के तीसरे माले पर मौजूद कुछ रहवासियों ने बताया कि महिला अपने पति से बहुत ज्यादा चिढ़ी हुई थी। वो ऊपर टंकी पर चढ़ने के बाद पति के साथ नहीं रहने की बात कहते हुए रो रही थी।
आखिरी बार बच्चों का मुंह दिखाने के लिए चिल्ला रही थी। पत्नी को टंकी पर चढ़ा देख राहुल उसे नीचे उतारने के लिए बच्चों को लेकर पहुंचा। तब भी उसने कहा था कि पास मत आना मैं कूद जाऊंगी। जैसे ही पति ने पकड़ने की कोशिश की उसने छलांग लगा दी। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले यशवंत कलोरे ने कहा कि घटना के वक्त करीब 100 लोगों की भीड़ थी। सभी वीडियो बना रहे थे। महिला जैसे ही नीचे गिरी सब भाग गए। हमारी बच्ची ने उसे उठाया और अस्पताल ले जाने के लिए चिल्लाया। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में रहनी वाली पूजा ने बताया कि भीड़ बहुत थी, लेकिन कोई उन्हें हाथ लगाने नहीं जा रहा था। उनके पति सीढ़ियों से दौड़ते हुए नीचे आए और करीब 2-3 मिनट तक अकेले परेशान होते रहे। तब मैंने उनकी मदद की। सिर, हाथ-पैर को देखा तो कहीं से भी ब्लड नहीं निकल रहा था। दूसरे लोगों की मदद से पास में खड़ी एक गाड़ी से उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन हॉस्पिटल ले जाते वक्त ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।
संवाददाता : सौरभ शर्मा
0 Comments