मुंगावली निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस के साथ सहायक सचिव के 15 दिन की वेतन काटने के दिए निर्देश
कलेक्टर आदित्य सिंह ने अशोकनगर जिले की तहसील मुंगावली के ग्राम मल्हारगढ़ का भ्रमण कर आंगनवाडी केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय मल्हारगढ़ का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम मल्हारगढ़ में आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1,2,3,4 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों की जानकारी, बच्चों के वजन पंजी, हाइट पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र अंतर्गत कुपोषित बच्चों के बारे में जानकारी ली। आंगनबाड़ी केंद्र पर मिलने वाले नाश्ता एवं भोजन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर समूह द्वारा बच्चों को मीनू अनुसार नाश्ता,भोजन न देने पर दुर्गा स्व सहायता समूह के अध्यक्ष को हटाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
उन्होंने आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 03 की हालात ठीक न होने के कारण उसे दूसरी जगह पर शिफ्ट किये जाने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को दिये। आंगनवाडी केन्द्र क्रमांक 01 पर शौचालय नही होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सचिव निरंजन सिंह राजपूत की दो वेतन वृद्धि रोके जाने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर को ग्रामीणों द्वारा पानी समस्या के बारे में बताया। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने रोजगार सहायक पद्म सिंह का 15 दिवस का वेतन काटे जाने के निर्देश दिये।
स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय का किया निरीक्षण
--
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय मल्हारगढ़ का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों में पहुंचकर संधारित पंजियों का अवलोकन किया। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ बढाये जाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में चर्चा कर निर्देश दिए कि मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले ऐसे प्रयास किये जाए। साथ ही आयुर्वेदिक औषधालय अनुपस्थित डॉ.मनोज श्रीवास्तव को कारण बताओं नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये।
ग्रामीणों से रूबरू होकर ग्राम की मूलभूत सुविधाओं के बारे में ली जानकारी
--
भ्रमण के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह ने ग्राम मल्हारगढ़ के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से रूबरू होकर ग्राम की मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्राम में बिजली, सड़क, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
संवाददाता : अवधेश दांगी
0 Comments