गुना में खेत जुताई में मिली थी भगवान विष्णु मूर्ति की 2 हजार साल पुरानी मूर्ति

गुना जिले की राघौगढ़ तहसील में स्थित ग्राम कोलुआ डांग में अक्टूबर 2023 में खेत की जुताई के दौरान भगवान विष्णु की दुर्लभ मूर्ति मिली थी। करीब तीन फीट ऊंची यह प्रतिमा वेंकटेश्वर स्वरूप की है, जिसमें भगवान चारों हाथों में सुदर्शन चक्र, शंख, गदा और पद्म कमल धारण किए हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रतिमा लगभग दो हजार साल पुरानी है और काले पत्थर से निर्मित है जिसकी चमक आज भी बरकरार है। मूर्ति मिलने के बाद ग्रामवासियों ने मिलकर यहां मंदिर का निर्माण कराया। इस काम में विधायक जयवर्धन सिंह ने भी सहयोग दिया। आज यह स्थान पूरे इलाके में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है। शुक्रवार को ग्यारस के पावन अवसर पर जयवर्धन सिंह अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे।