मध्य प्रदेश के किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने जा रहे मोहन यादव 

मध्यप्रदेश के किसानो को बारिश से मिले जख्मों पर मोहन सरकार मरहम लगाने जा रही है। सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव कल किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा वितरित करेंगे। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे लाखों किसानों को फायदा मिलेगा, जिन्हें हाल ही में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान झेलना पड़ा था। प्रशासन ने सभी जिलों में तैयारी पूरी कर ली है।

कृषि विभाग के अनुसार मुआवजा वितरण पारदर्शी तरीके से किया जाएगा और पात्र किसानों को ही लाभ मिलेगा। ओलावृष्टि, अतिवृष्टि और कीड़ों से प्रदेश की सोयाबीन फसल कई जगह पूरी तरह बर्बाद हो गई है। जिन किसानों की सोयाबीन की फसल प्रभावित हुई है उन्हें राहत देने के लिए राज्य सरकार मुआवजा दे रही है। सीएम कल जिले के किसानों को मुआवजा राशि का वितरण करेंगे। राशि सिंगल क्लिक से सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली जाएगी।

जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को सीएम यादव मंदसौर के एनआईसी कक्ष से सिंगल क्लिक में किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि हस्तांतरित करेंगे। जिला प्रशासन कार्यक्रम को लेकर अंतिम रूप देने में जुटा है। सभी पात्र किसानों को राहत राशि के लिए तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी काम कर रहे हैं। लिहाजा मुआवजा राशि को किसानो के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है।