ग्वालियर में 3 साल का मासूम लापता: अपहरण की आशंका, जंगल, पहाड़ों में ड्रोन से सर्च कर रही पुलिस


मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज 3 साल का मासूम रितेश पाल अचानक अपने ननिहाल से गायब हो गया, जिसके बाद अपहरण की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने खदान से लेकर जंगल तक बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शनिवार दोपहर घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हुआ बच्चा अब तक नहीं मिला। दो दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

घटना मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की है। रितेश अपनी मां सपना पाल के साथ ननिहाल आया था। सपना का ससुराल ग्वालियर के उपनगर चंदन नगर में है। मां और ननिहाल वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बच्चे का अपहरण करवाया है। सपना पाल ने बताया कि बच्चा घर में खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया। मुरार पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रही है। 

आसपास की खदानों, जंगलों और संदिग्ध स्थानों पर डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद ली जा रही है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं। बच्चे की सुरक्षा सबसे पहले है। जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है।” परिवार वाले दहशत में हैं और बच्चे की सलामती की दुआ मांग रहे हैं।

संवाददाता :- आशीष सोनी