दमोह: 12 संवेदनशील केंद्रों पर लगेंगे जैमर, गोपनीय सामग्री वितरित, बोर्ड परीक्षा में 33 हजार छात्र होंगे शामिल...


दमोह जिले में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को शासकीय एक्सीलेंस स्कूल परिसर में परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। जिले के सभी 90 परीक्षा केंद्रों के लिए यह सामग्री वितरित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा की मौजूदगी में सामग्री का वितरण हुआ। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र के 69 परीक्षा केंद्रों पर सामग्री बांटी गई थी, जबकि शनिवार को 21 शहरी परीक्षा केंद्रों में वितरण कार्य संपन्न हुआ। कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होंगी, वहीं कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से आयोजित की जाएंगी। जिले के कुल 90 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 33,000 परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे।


नकल रोकने यह होंगे प्रयास:

नकल रोकने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। इस बार जिले में 12 संवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं और 78 सामान्य परीक्षा केंद्र हैं। इस साल माध्यमिक शिक्षा मंडल ने नई व्यवस्था की है जिसमें कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में प्रश्न पत्र निकाले जाएंगे और परीक्षा केंद्र तक ले जाए जाएंगे।

1 घंटे तक कलेक्टर प्रतिनिधि परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और उनकी मौजूदगी में ही प्रश्न पत्रों का लिफाफा खुलेगा। जहां 70 सदस्य टीम इस परीक्षा की मॉनिटरिंग करेगी। इस बार जिले के सातों विकास खंड में आदर्श परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं जिसके लिए सांदीपनी स्कूल का चयन किया गया है।



90 केंद्रों पर परीक्षा, 33 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल:

 MP बोर्ड परीक्षा जिले में 90 केंद्रों पर आयोजित होगी। कक्षा 12 वीं परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च तक, कक्षा 10 वीं परीक्षा 13 फरवरी से 6 मार्च तक होगी। इसमें कुल 33147 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिसमें कक्षा 10 वीं के 19404 विद्यार्थी, कक्षा 12 वीं के 13747 विद्यार्थी शामिल है।


- नोफ़िकर न्यूज़ दमोह