मध्य प्रदेश बजट सत्र 2026: बीजेपी विधायक को मूसा गैंग की धमकी-गौ मांस कांड और बच्चियों के गायब होने का उठा मुद्दा, कल पेश होगा राज्य का पहला डिजिटल बजट...



मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही कल बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन में आज मंगलवार को दूसरे दिन कई मुद्दों की गूंज सुनाई दी। बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल को मूसा गैंग की धमकी, भोपाल का गौ मांस कांड, वंदे मातरम समेत प्रदेश से लापता हो रही बच्चियों का मामला उठाया गया। इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में जमकर बहस भी हुई।

कांग्रेस विधायक ने प्रदीप पटेल को मूसा गैंग की धमकी का मामला उठाया:

कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि हमारा सत्ताधारी दल का विधायक सुरक्षित नहीं है। मूसा गैंग के नाम पर उन्हें धमकाया बात सही है। मूसा गैंग के डर से ही विधायक छुप कर रह रहे थे। कोरेक्स जैसे नशे का विरोध करने पर उनको धमकी दी जा रही थी। सरकार को नशे पर ध्यान देना होगा।

गौ मांस कांड का मुद्दा भी गूंजा:

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने भोपाल के गौ मांस कांड का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भोपाल में 26 टन गौ मास कहां से आया? सरकार जवाब दें। जनवरी 2026 में बछड़े काटने की पुष्टि हुई। इसकी अनुमति किसने दी यह राज्यपाल से आपको अभिभाषण में पढ़वाना था। उन्होंने यह भी कहा कि शर्म आती है गौ गंगा गीता की बात करने वाली सरकार में गौ हत्या हो रही है। अभी तक क्या कार्रवाई की सरकार में सभी इन्हीं का है। प्रशासनिक मिली भगत है कानून व्यवस्था कहां गई ?

वंदे मातरम पर भी बहस:

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने सदन में कहा कि एमपी सरकार 25 साल की सोच रख रही है। कांग्रेस सरकार 5 साल का सोचकर काम करती थी। एमपी सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत पर फोकस कर रही है। भोपाल में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड मुसलमान के बने है। कांग्रेस में वंदे मातरम के 2 छंद दिए थे। मोदी सरकार ने 6 छंद दिए है। कांग्रेस के नेता वंदे मातरम गाने से मना करते है। वहीं कांग्रेस विधायक ने रामेश्वर शर्मा से सदन में वंदे मातरम गाने की बात कही।

बच्चियों के गायब होने का भी मामला उठाया गया:

मानवर से कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने बच्चियों के गायब होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि साल 2021 से अब तक करीब तीन लाख लड़कियां गायब हुई। हर दिन 23 लड़कियां गायब हो रही हैं। अमेरिका में एपस्टीन फाइल ने दुनिया में हड़कप मचा रखा है। प्रदेश में भी क्या एपस्टीन फाइल चल रही है। क्या हो रहा है, सरकार जवाब दे ? किसी भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

कल पेश होगा बजट:

उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बुधवार 18 फरवरी को बजट पेश करेंगे। राज्य का पहला पूरी तरह से डिजिटल बजट होगा। लगभग 4.70 लाख करोड़ बजट रहने का अनुमान है। पिछले साल से करीब 12 प्रतिशत ज्यादा बजट रहने का अनुमान है। जिसमें किसान, युवा, गरीब और महिलाओं पर फोकस रहेगा। युवाओं के लिए नई सरकारी नौकरियों की घोषणा होने, 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाने को लेकर विशेष प्रावधान आ सकते हैं। इसके अलावा सिंचाई और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर जोर रहेगा। सिंहस्थ 2028 के लिए विशेष वित्तीय प्रावधान किए जाने की उम्मीद है।


- नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश