पीडब्ल्यूडी पुल निर्माण में खुला खेल, गुणवत्ता से खिलवाड़ घटिया सामग्री से बन रहा पुल
लोक निर्माण विभाग द्वारा चितरंगी विकासखंड के करौंदिया-कोलडीहा सड़क मार्ग पर नदवनिया करौंदिया लहासी नाला में निर्माणाधीन पुल-पुलिया इन दिनों चर्चाओं में आ गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए घटिया सामग्री के उपयोग और नियमों की खुली अनदेखी का आरोप लगाया है। मौके पर ग्रामीणों का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण में मानक के अनुरूप सीमेंट, सरिया और कंक्रीट का प्रयोग नहीं किया जा रहा। आरोप है कि ढलाई के दौरान बड़े-बड़े पत्थर डालकर खानापूर्ति की गई, जिससे पुल-पुलिया की मजबूती और आयु पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या इसी तरह से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण कार्य पूरी तरह से लापरवाही और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से गुणवत्ता के साथ समझौता किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अभी जांच नहीं हुई तो यह पुल भविष्य में कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन पुल-पुलिया की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता और घटिया निर्माण की पुष्टि होती है, तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायतों को अनदेखा किया गया तो वे मामले को उच्च स्तर तक ले जाएंगे और आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments