अवैध शराब की बिक्री से हड़कंप, प्रशासन पर उठे सवाल
सिंगरौली जिले के नवानगर क्र.1 क्षेत्र में इन दिनों अवैध शराब बिक्री को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि गली-मोहल्लों, होटलों और ढाबों तक खुलेआम शराब बेची जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, सरकारी दुकानों से खरीदी गई शराब को अवैध रूप से अलग-अलग स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है। आरोप है कि अवैध विक्रेता रोजाना सप्लाई कर निर्धारित मूल्य से दोगुनी कीमत तक वसूल रहे हैं। इससे जहां शासन को राजस्व हानि हो रही है, वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद आबकारी विभाग और पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल छापेमारी अभियान चलाया जाए और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
मामले को लेकर नागरिकों ने Collector Office Singrauli से भी हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बिक्री व्यवस्था की निगरानी कड़ी की जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई कर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाई जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है और कब तक नवानगर क्र.1 क्षेत्र को अवैध शराब बिक्री से राहत मिल पाती है।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments