सरपंच ने खुद को पंचायत भवन में किया कैद, आत्मदाह की चेतावनी दी
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के एक सरपंच ने अपने आप को पंचायत भवन में कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि सरपंच ने कलेक्टर समेत तमाम आला अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरपंच की मांग है कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह पंचायत भवन में ही आत्मदाह कर लेगा। आइए जानते है आखिर पूरा मामला क्या है…
यह पूरा मामला नरसिंहपुर के चीचली जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली सीरेगांव ग्राम पंचायत का है। जहां सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार की रात खुद को पंचायत भवन में कैद कर लिया। बताया गया कि ग्राम पंचायत के विकास कार्य में भारी परेशानियां आ रही है। इसे लेकर सरपंच महेंद्र ने जिला कलेक्टर समेत तमाम आला अफसरों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज होकर उन्होंने खुद को पंचायत भवन में बंद कर लिया है।
आत्मदाह की दी चेतावनी
सरपंच महेंद्र कुशवाहा की मांग है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पंचायत भवन में ही आत्मदाह कर लेगा। आत्मदाह की चेतावनी देने का वीडियो भी बनाया है। जिसमें सरपंच महेंद्र कुशवाहा कह रहा है कि ‘मेरी पंचायत में दो साल से काम नहीं कर पा रहा हूं। कई तरह की समस्याएं आ रही है। प्रशासनिक लोगों से कई बार लिखित आवेदन दिए है, जिस पर आज तक कार्रवाई नहीं हुई है।’
सरपंच बोले- यह मेरा अंतिम फैसला
महेंद्र कुशवाहा ने बताया कि पिछले जनसुनवाई (बीते मंगलवार को) में अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया था। लेकिन मुझे सिर्फ आश्वासन और प्रताड़ना मिली है। सरपंच ने आगे कहा कि ‘मेरी बातें अगर नहीं सुनी गई तो आत्महत्या कर लूंगा, इसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन होगा। बीते दो साल से निवेदन कर रहा हूं कि निर्माण कार्यों में सहयोग करें, लेकिन कोई भी मदद नहीं कर रहा है, इसलिए यह मेरा अंतिम फैसला है।’ फिलहाल सरपंच का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही खुद को कैद करने और सरपंच के आत्मदाह की चेतावनी देने से हड़कंप मचा हुआ है।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments