सिरफिरे ने 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या, मांस खाने और खून पीने की वीभत्स हरकत से दहला गांव


मध्यप्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां एक सिरफिरे युवक ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के शरीर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसी वीभत्स हरकत की, जिससे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव निवासी भरत विश्वकर्मा (16) अपनी बहन तमन्ना के घर समन्ना गांव भाईदूज का टीका लगवाने आया था। टीका लगवाने के बाद जब वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही गुड्डा पटैल ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से भरत के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी हथौड़ा लाया और उसके सिर पर लगातार वार किए, जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के सिर से मांस निकालकर खाया और खून पीने लगा। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। जब लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह पास के खेत में जाकर छिप गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी की। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी पर पथराव कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर थाने पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी गुड्डा पटैल पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से छूटा था। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे समन्ना गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

संवाददाता:- घनश्याम ठाकुर