एक माह में सड़क नहीं बनी तो धरने पर बैठेंगे, जिला पंचायत सदस्य


चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के धवई ग्राम पंचायत अंतर्गत छुरदा टोला में सड़क की समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों पर दबाव बढ़ने लगा है। कांग्रेसी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक माह का अल्टीमेटम दिया है।

अशोक सिंह पैगाम ने कहा कि छुरदा टोला में आदिवासी सहित अन्य कई परिवार लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। इस समस्या को लेकर मीडिया में भी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित हुई थीं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि यदि एक महीने के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं होता है तो वे ग्रामीणों के साथ इसी स्थान पर धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।

उन्होंने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर जिला प्रशासन, जिला पंचायत और भोपाल तक मुद्दा उठाया जाएगा, साथ ही उन्होंने चितरंगी की विधायक एवं राज्य मंत्री राधा सिंह और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे छुरदा जैसे घनी आबादी वाले गांवों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराएं।

अशोक सिंह पैगाम ने कहा कि मीडिया में लगातार खबरें आने और सामाजिक कार्यकर्ता काजल शाह द्वारा सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को बार-बार उठाने के बावजूद अब तक मंत्री राधा सिंह गांव नहीं पहुंची हैं, जो चिंताजनक है।

ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

संवाददाता :- आशीष सोनी