भगवान शंकर का अवतार बताकर करता था यौन शोषण क्या हो पाएगी निष्पक्ष जांच...?

अशोक खरात जो खुद को भगवान शंकर का अवतार बताने वाले ज्योतिषी अशोक खरात पर महिलाओं के यौन शोषण, ठगी और ब्लैकमेल के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार अब तक उसके खिलाफ 8 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश मामलों की जांच विशेष टीम (SIT) कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 67 वर्षीय खरात, जो मर्चेंट नेवी से रिटायर्ड अधिकारी है, धार्मिक अनुष्ठानों और चमत्कार के नाम पर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। वह उन्हें शुद्धिकरण की प्रक्रिया का झांसा देकर धोखा देता और बाद में उनका यौन शोषण करता था। विरोध करने पर कथित तौर पर वह दैवीय श्राप और बच्चों के भविष्य को लेकर धमकी देता था।

चमत्कार के नाम पर ठगी और डर का माहौल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, खरात ने रिमोट कंट्रोल वाले नकली सांप और बाघ की खाल जैसी चीजों का इस्तेमाल कर भय का माहौल बनाया। वह सस्ती वस्तुओं को चमत्कारिक बताकर लाखों रुपये में बेचता था और लोगों को अपने प्रभाव में ले लेता था।