दमोह में आसमानी गूंज से दहशत में ग्रामीणः रात में चमकीली वस्तु के साथ अजीब आवाज, फिर पता चली असल वजह...
दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात आसमान में एक अजीबोगरीब आवाज सुनाई दी। इसके बाद चमक दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में आ गए। कुछ लोगों ने इसे मिसाइल बताया तो कुछ उड़न तस्तरी होने की बात कहने लगे।
यह घटना रनेह, रमपुरा, मझगुंवा, पिपरिया, बंधा सहित आसपास के कई गांवों में देखी गई जो पन्ना जिले से सटे हैं। ग्रामीणों ने आसमान में तेज गति से जाती हुई एक चमकदार वस्तु देखी, जिससे जोर से आवाज भी आ रही थी। गौर से सुनने पर यह आवाज फाइटर जेट जैसी लग रही थी। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। इस अजीब हरकत के बाद पन्ना और दमोह जिले के अधिकारी भी हरकत में आए और मामले की जांच शुरू की गई।
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि मंगलवार रात सोशल मीडिया पर जानकारी सामने आते ही दमोह और पन्ना जिले के अधिकारी जांच में जुट गए। जांच के दौरान पता चला कि पास के ही किसी जिले में वायुसेना के अधिकारी रुके हुए हैं, जो रात के समय अपनी मॉकड्रिल कर रहे थे।
रनेह थाना प्रभारी चंदन सिंह के अनुसार, खजुराहो से वायुसेना का अभ्यास अभियान चलाया जा रहा है। मड़िया और भड़पुरा गांव के समीप तेज आवाज सुनाई दी, लेकिन कहीं भी कोई जनहानि या हादसा नहीं हुआ है।
नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश

0 Comments