कटनी में दिव्यांग ने नेता प्रतिपक्ष से लगाई न्याय की गुहार: विधायक-पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप, सिंघार ने कलेक्टर को फोन लगाकर दे दी चेतावनी...



मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार शाम कटनी जिले के बड़वारा मुख्यालय पहुंचे थे। अल्प प्रवास के दौरान जहां एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और सत्ताधारी दल के दबाव की एक गंभीर तस्वीर भी सामने आई। एक दिव्यांग व्यक्ति ने विधायक और पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


विधायक और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप:

बड़वारा ग्राम निवासी परमेश्वरदीन नामदेव, जो दोनों पैरों से लाचार हैं, उन्होंने ने नेता प्रतिपक्ष को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि ग्राम बड़वाराकलां खसरा नंबर 122, रकबा 0.22 हेक्टेयर में उनकी पुश्तैनी और राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि स्थित है। पीड़ित के अनुसार, जब वे अपनी इस निजी भूमि पर मकान का निर्माण कार्य शुरू करते हैं, तो पुलिस और राजस्व विभाग की टीम बिना किसी लिखित नोटिस या स्थगन आदेश के काम रुकवा देती है। विधायक और उनके करीबियों पर गंभीर आरोप लगा है।


झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी से डरा परिवार:

पीड़ित परमेश्वरदीन ने सीधे तौर पर स्थानीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह और उनके सहयोगियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि विधायक के कुछ करीबी साथी उनकी कीमती जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी जमीन बेचने के लिए दबाव बनाया गया था, जिसे इनकार करने पर अब निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। बड़वारा पुलिस बिना किसी वारंट या आदेश के घर आकर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है, जिससे परिवार भयभीत है।


जब तक न्याय नहीं मिलता चुप नहीं बैठेगी कांग्रेस:

दिव्यांग पीड़ित की व्यथा सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके से ही कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी को फोन लगाकर नाराजगी जताई। सिंघार ने स्पष्ट लहजे में कहा कि सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर किसी गरीब और लाचार व्यक्ति को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि इस मामले का तत्काल और निष्पक्ष निराकरण किया जाए ताकि पीड़ित को उसका संवैधानिक हक मिल सके। सिंघार ने कार्यकर्ताओं को भी निर्देशित किया कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिलता है तो कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।


- नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश