WINBUZZ प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों का अवैध लेनदेन, 4 राज्यों से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए WINBUZZ नामक प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन का पर्दाफाश किया है। आरोपी फर्जी सिम और म्यूल खातों का उपयोग कर लोगों से ठगी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से करीब 8 लाख रुपये नकद, 24 एंड्रॉयड मोबाइल, 25 सिम कार्ड और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 30.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आईडी-पासवर्ड जनरेट कर लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और निवेश के नाम पर फंसाता था। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है और पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले दो महीनों से किराए के मकान में रहकर इस ठगी को अंजाम दे रहे थे। मकान मालिक ने किरायेदारों का सत्यापन तो कराया था, लेकिन उनकी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।
संवाददाता: मदन सींग लोधी

0 Comments