दतिया में पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन 11 वारंटी गिरफ्तार, 200 से ज्यादा संदिग्धों की चेकिंग


मध्य प्रदेश के दतिया जिला में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात बड़ा कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे 11 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 94 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कराई गई।

पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह सुनियोजित तरीके से की गई। अभियान से पहले पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्र कर ब्रीफिंग दी गई, जिसके बाद टीमें तय क्षेत्रों में रवाना हुईं। रात 12 बजे के बाद शुरू हुए इस अभियान में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक एक साथ दबिश दी गई।

गुंडे-बदमाशों पर खास नजर

कार्रवाई के दौरान 73 हिस्ट्रीशीटर बदमाशों और 146 गुंडा तत्वों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने होटल, ढाबों और एटीएम के आसपास भी तलाशी अभियान चलाया।

संदिग्ध स्थिति में घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई और वाहनों की भी जांच की गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

200 से ज्यादा असामाजिक तत्वों की जांच

पूरे अभियान में 200 से ज्यादा असामाजिक तत्वों को चेक कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वे शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश न करें।

अपराधियों को कड़ा संदेश

जिलेभर में एक साथ चलाए गए इस अभियान से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि फरार आरोपियों और अपराधियों के लिए अब बचना आसान नहीं होगा।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा