जन अभियान परिषद द्वारा 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत जल मंदिर का शुभारंभ
मगरौनी (नरवर): मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड नरवर के तत्वावधान में कल दिनांक 6 अप्रैल को 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत "जल शक्ति से नव भक्ति" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत मगरौनी में राहगीरों और बेजुबान पक्षियों के लिए जल सेवा कार्यों की शुरुआत की गई।
मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर शुभारंभ
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र CMCLDP के विद्यार्थी राजेंद्र बघेल का SBI ग्राहक सेवा केंद्र रहा, जहाँ पूर्व विधायक लाखन सिंह बघेल ने फीता काटकर 'जल मंदिर' (प्याऊ) का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
बेजुबान पक्षियों के लिए 'सकोरे' अभियान
मानव सेवा के साथ-साथ जीव दया का परिचय देते हुए टीम द्वारा पूरनदास बाबा की कुटिया एवं क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पेड़ों पर पक्षियों के लिए पानी के सकोरे (मिट्टी के पात्र) टांगे गए। विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से इन सकोरों में पानी भरना सुनिश्चित करेंगे ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को प्यासा न रहना पड़े।
इस सेवा कार्य के दौरान मुख्य रूप से महेश परिहार (विकासखंड समन्वयक) भावना शर्मा (मेंटर),राजेंद्र बघेल एवं निखिल मिश्रा (CMCLDP विद्यार्थी), परिषद के अन्य समस्त समर्पित विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अभियान के अंत में "पानी जीवन के लिए अमृत है, आइये जल ग्रहण करें" और "जल सेवा - मानव सेवा" के नारों के साथ ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
संवाददाता - अंशुल सोनी


0 Comments