इंदौर में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहे मासूम को कार ने कुचला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र के अग्रवाल नगर (बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे) की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 6 वर्षीय आयुष, पिता अजय रावत, घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक कार मोड़ लेते समय अचानक बच्चे के ऊपर चढ़ गई। कार के आगे और पीछे दोनों पहिए बच्चे के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, कार चालक दीपक चौहान निवासी धीरज नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन संजय अग्रवाल के नाम पर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

संवाददाता:–दीपक मालवीय