गोपद पुल का कार्य पूर्ण करने 45 दिनों की डेडलाइन तय
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन सीधी- सिंगरौली हाईवे का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने बहरी गोपद पुल करथुआ देवसर तथा बरगवां में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। गोपद पुल का निरीक्षण करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नत गोपद पुल की दो लेन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। सीधी की ओर लगभग 70 मीटर तथा सिंगरौली की ओर 80 मीटर पुल की एप्रोच रोड एक माह में बना दें। उन्नत गोपद पुल में 15 फरवरी से आवागमन शुरू करा दें। सीधी से सिंगरौली हाईवे इस पूरे क्षेत्र की जीवन रेखा है। इस महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क के अधिकांश भाग का निर्माण पूरा होने की कगार पर है। इसके टू-लेन का काम 15 फरवरी तक पूरा करा दें। जिससे आवागमन शुरू हो जाए। वाहन चालकों को होने वाली कठिनाई दूर हो सके। शेष हाईवे का निर्माण भी वर्षा शुरू होने तक शुरू कराने के प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री ने दो माह में बरगवा बाईपास का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क विकास की वाहनी होती है। सीधी से सिंगरौली सड़क का निर्माण काफी दिनों से चल रहा है। इस सड़क का निर्माण पूरा कराने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। जिसके कारण निर्माण कार्य में गति आई है। इसके निर्माण कार्यों की हर माह समीक्षा की जाएगी। उप मुख्यमंत्री के भ्रमण के समय कलेक्टर अरूण परमार, पुलिस अधीक्षक युसूफ कुरैशी, कलेक्टर सीधी साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक सीधी रवीन्द्र वर्मा, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के महाप्रबंधक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
संवाददाता : आशीष सोनी
0 Comments