Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

भाजपा में आंतरिक कलह: जिला उपाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुये आत्महत्या की दी चेतावनी

 भाजपा में आंतरिक कलह: जिला उपाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुये आत्महत्या की दी चेतावनी 

 सिंधिया समर्थक होने पर, कल के कांग्रेसी भुट्टा चोर कह कर किया अपमान

बैतूल जिले के भौरा मंडल में भारतीय जनता पार्टी के भीतर आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश यादव ने मंडल अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें झूठे केस में फंसाने की साजिश रची गई है। यादव ने जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो उन्हें भी रविंद्र देशमुख की तरह आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा।

दिनेश यादव ने अपने ज्ञापन में विस्तार से बताया कि उन्होंने 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली थी। तब से वे पूरी निष्ठा से पार्टी की नीति और रीति का पालन कर रहे हैं। संगठन ने उन्हें युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाया।

दिनेश यादव ने बताया कि हाल ही में मंडल अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर की एक वाइस रिकॉर्डिंग वायरल हुई है, जिसमें उन्होंने भाजपा को अपने बाप-दादा की पार्टी बताया और कहा कि कल के कांग्रेसी भुट्टा चोर सिंधिया समर्थकों को राजनीति नहीं करने दी जाएगी। दिनेश यादव ने इस टिप्पणी को अपमानजनक बताया, बल्कि इसे पार्टी की एकता और अनुशासन के खिलाफ भी करार दिया।

यादव ने यह भी खुलासा किया कि 2021 में मंडल अध्यक्ष के इशारे पर बैतूल कॉलेज चौक पर उन पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। 20 से 22 लोगों ने हमला किया, जिससे वह और उनका साला जान बचाकर भागे। इसके अलावा, हाल ही में महिला थाने में उनके खिलाफ एक झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसमें छेड़छाड़ और एससी/एसटी की धाराएं लगाई गई हैं। यादव का आरोप है कि यह भी मंडल अध्यक्ष और कुछ स्थानीय नेताओं की साजिश है।

बिजली बिल के नाम पर ली गई राशि का विवाद

दिनेश यादव ने बताया कि जिस महिला ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, उसके पति ने उनसे 10 हजार रुपये बिजली बिल भरने के नाम पर लिए थे, लेकिन दो साल बाद भी बिल जमा नहीं किया गया। इस पर जब उन्होंने शिकायत की तो उस व्यक्ति का तबादला बरजोरपुर से भौरा कर दिया गया। इसके बाद महिला ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई।

दिनेश यादव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सबका साथ, सबका विकास है, लेकिन भौरा मंडल में मंडल अध्यक्ष सिर्फ अपने करीबी लोगों का विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में ईमानदार कार्यकर्ता के साथ ऐसा बर्ताव होता रहा, तो उनके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

दिनेश यादव ने भावुक होकर कहा,क्या भाजपा में आकर सिंधिया को अपना नेता मानना गुनाह है? अगर नहीं, तो मेरे खिलाफ साजिश क्यों की जा रही है? उन्होंने अपनी बेगुनाही के सभी सबूत ऑडियो रिकॉर्डिंग के रूप में पेश करते हुए कहा कि न तो पुलिस और न ही कोई जनप्रतिनिधि उनकी बात सुन रहा है।

यादव ने विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर आत्मघाती कदम उठाने पर विवश होंगे

वीडियो लिंक : https://www.youtube.com/watch?v=gI6PzbFjZxY 

Post a Comment

0 Comments