दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समारोह पर पथराव के बाद बिगड़े हालात
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के केशवाही में दुर्गा विसर्जन के दौरान चल समारोह में पथराव हो गया। इस दौरान पत्थर लगने से तीन महिलाएं चोटिल हुई हैं। घटना का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बाजार बंद कर केशवाही पुलिस चौकी पहुंचे थे। इसी दौरान विशेष सामुदाय के लोग भी पहुंच गए और विवाद शुरू कर दिया। जिसके बाद दिन भर तनाव की स्थिति बनी रही। दोपहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल व अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभद्रता करते हुए पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने माहौल शांत करने के लिए खदेड़ना शुरू किया। हालांकि देर शाम तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।
पथराव के बाद बनी थी भगदड़ की स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार की शाम बस स्टैंड के समीप दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गांधी मार्केट की तरफ से पथराव किया गया, जिससे भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान समारोह में शामिल तीन महिलाओं को चोट भी आई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि शनिवार शाम तक पुलिस की तरफ से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पथराव किन कारणों से और किनके द्वारा किया गया।
घटना के विरोध में बाजार किया बंद
स्थानीय लोगों ने चल समारोह में पथराव का विरोध करते हुए शनिवार की सुबह से बाजार बंद कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पत्थर फेंकने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं विशेष समुदाय के लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल को केशवाही भेजा गया। वहीं देर शाम तक धनपुरी एसडीओपी विकास पांडेय, टीआई बुढ़ार संजय जायसवाल के साथ ही केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झारिया मौके पर पहुंचे। चर्चा है कि इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों न पुलिस पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठी चलाते हुए लोगों को खदेड़ा। कुछ पुलिसकर्मियों को सामान्य चोट आने की भी चर्चाएं हैं। एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए पथराव की घटना में इदरीश नाम के युवक को पकड़ा गया है, अब स्थिति सामान्य है।

0 Comments