मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को 1857 करोड़ रूपये की राशि का किया अंतरण

लाड़ली बहनों को अब 1500 रूपये प्रतिमाह मिलेंगे-मुख्‍यमंत्री डॉ.यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के 560.75 करोड रूपये की लागत के 114 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन





मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज सिवनी में आयोजित हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्‍य स्‍तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनाओं के बैंक खाते में 1857 करोड रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्‍यम से अंतरित की। इसके साथ ही मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के विभिन्‍न क्षेत्रों के 560.75 करोड रूपये की लागत के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की लाड़ली बहना योजना महिलाओं को जीवन में बदलाव लाने का अवसर दे रही है। इस योजना से महिलाऐं आत्‍मनिर्भर बनने के साथ सशक्‍त बन रही हैं। वर्ष 2023 में प्रारंभ की गई इस योजना के अंतर्गत प्रदेश की महिलाओं को अब तक 45 हजार करोड रूपये की राशि दी जा चुकी है। प्रदेश सरकार लाड़ली बहनों के‍ लिए राशि की कोई कमी नहीं होने देगी। यह बदलते दौर का मध्‍यप्रदेश है और सनातन संस्‍कृति के साथ महिलाओं को आगे बढने का अवसर दे रहा है।  

➡️अब हर माह रक्षाबंधन और भाई दूज का त्‍यौहार

लाड़ली बहनों के स्‍नेह भरे कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने अभिवादन करते हुए कहा कि केन्‍द्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। जिससे बहनों के परिवार में खुशहाली व समृद्धि दिखाई दे रही है। बहनें भी लाड़ली बहना की इस राशि के महत्‍व को समझ रही है कि यह राशि उनके जीवन में कितना सकारात्‍मक बदलाव ला रही है और इसी बदलाव के कारण अब बहनों के जीवन में हर माह रक्षाबंधन और भाईदूज का त्‍यौहार जैसा माहौल बन रहा है। उन्‍होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे रक्षाबंधन, होली और दीवाली का त्‍यौहार एक साथ मनाया जा रहा है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों को देवी सरस्‍वती, लक्ष्‍मी और दुर्गा के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि अब डंके की चोट पर बहनों को हर माह 1500 रूपये मिलेंगे।

➡️देश का इतिहास गौरवशाली रहा है-मुख्यमंत्री

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश का इतिहास गौरवशाली रहा है। मातृशक्तियों की वंदना आदिकाल से चल रही है। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रीय गीत वंदेमातरम ने देश भक्ति की भावना को जगाया। इस गीत की 150वीं वर्षगांठ पूर्ण होने के अवसर पर समूचे देश में वर्ष भर स्‍मरणोत्‍सव के रूप में मनाया जा रहा है साथ ही आदिवासी जननायक भगवान बिरसामुंडा की 150वीं जयंती भी मनाई जा रही है। आदिवासी जननायकों ने अंग्रेजों के खिलाफ जल,जंगल,जमीन और अपनी अस्मिता को लेकर लड़ाई लड़ी। भगवान बिरसामुंडा जिस समय बिहार में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे उसी समय मध्‍यप्रदेश में भी राजा शंकरशाह, राजा रघुनाथ शाह, रानी अवंती बाई जैसे कई महानायकों ने स्‍वतंत्रता की लड़ाई में अपना बलिदान दिया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जबलपुर और संग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्‍मान में केबिनेट बैठक आयोजित की गई। भावी पीढ़ी को ऐसी वीरांगनाओं से परिचित कराने के लिए उनकी गौरवगाथा को अब पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

➡️श्रीराम और श्रीकृष्‍ण की जहां-जहां पग पड़े बनेंगे तीर्थ स्‍थल-मुख्‍यमंत्री डॉ यादव

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्‍ण जहां-जहां गए उन सभी स्‍थलों पर तीर्थस्‍थल बनाए जायेंगे जो आध्‍यात्मिक पर्यटन का केन्‍द्र बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि विद्यालय रखा गया है।यह नाम भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरित है, जिनसे उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी।

➡️ गौसेवा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है- मुख्‍यमंत्री डॉ यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौसेवा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को मिलने वाला अनुदान अब प्रति गाय 20 रूपये से बढ़ाकर 40 रूपये प्रतिदिन दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्‍होंने मंच से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को डेयरी उद्योग से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

➡️लाल सलाम को अब आखिरी सलाम- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नक्सलवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के पैर किसी भी कीमत पर जमने नहीं दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में जनवरी 2026 तक नक्सलवाद का समूल नाश हो जाएगा। उन्‍होंने नक्‍सलियों से आव्‍हान करते हुए कहा कि आत्‍मसमर्पण की नीति अपना लें।

➡️जनहित के लिए संचालित हो रही हैं कई कल्‍याणकारी योजनाएं- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं के भविष्‍य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्‍वपूर्ण कदम उठा रही है। उनके रोजगार की चिंता प्रदेश सरकार कर रही है। अभी 60 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती हुई है। अगले तीन वर्षों में दो लाख शासकीय नौंकरियां उपलब्‍ध कराई जाएगी। बहनों के सम्‍मान, सशक्तिकरण व उनकी जिंदगी बदलने के लिए लाड़ली बहना जैसी योजना संचालित की जा रही है। आज युवा, महिला, गरीब और किसान के कल्‍याण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है ताकि वे आर्थिक, राजनैतिक और सामाजिक रूप से सशक्‍त हो सके। उन्‍होंने कहा कि कारखानों में काम करने वाली महिलाओं के लिए हॉस्‍टल की सुविधा होगी साथ ही रोजगारपरक कार्यों के लिए महिलाओं को प्रदेश सरकार 5 हजार रूपये प्रतिमाह देगी। 

➡️भावांतर योजना से होंगे किसान लाभांवित-मुख्‍यमंत्री डॉ यादव

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोयाबीन भावांतर योजना किसानों के लिए लाभदायक सिद्ध हो रही है। उन्‍होंने कहा कि धान और गेहूं का उपार्जन भी प्रदेश सरकार करेगी। मक्‍के के दाम के संबंध में भी ध्‍यान रखा जाएगा। मुख्‍यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि संपूर्ण प्रदेश में ऐसे उपभोक्‍ता जिन्‍होंने तीन माह या उससे अधिक का बिल भुगतान नहीं किया है। उन्‍हें एक मुश्‍त बिल भुगतान करने पर सरचार्ज में छूट दी जा रही है।   

➡️मुख्‍यमंत्री ने जिले के विकास के लिए की कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने उद्बोधन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि घंसौर में खेल प्रेमियों के लिए स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही लामता से पाण्डिया छपारा मार्ग पर पुल निर्माण कार्य, ग्राम अतरी से पांढरवानी तक बी.टी. सड़क निर्माण तथा नगरीय क्षेत्र बरघाट के वार्ड क्रमांक-01 से ग्राम मगरकठा होते हुए ग्राम पंचायत टिकारी तक बी.टी. सड़क निर्माण की घोषणा की साथ ही ग्राम जेवनारा से मोहगांव मार्ग पर पुल सहित बी.टी. सड़क तथा ग्राम पोनिया ग्राम पंचायत से ग्राम लोहरा टिकारी चिरचिरा तक बी.टी. सड़क निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

➡️मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से किया आत्‍मीय संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से आत्मीय संवाद किया और योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जानकारी ली। लाड़ली बहनों ने बेबाकी से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का आधार बन गई है।
लाड़ली बहन सुषमा सनोडिया ने बताया कि वह पहले ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, लेकिन बचत नहीं कर पाती थी। लाड़ली बहना योजना से मिली राशि ने आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है। 1500 रुपए बहनों के लिए बड़ी सौगात हैं।इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य ही है कि बहनों को आत्मनिर्भर बनाया जाए और उनके जीवन में खुशहाली आए।

➡️माधुरी डेहरिया से मुख्यमंत्री ने पूछा कि इस राशि का क्या करती हो?

लाड़ली बहन माधुरी ने बताया कि वे इस राशि को बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में खर्च करती है।पति खेती करते हैं।किसान सम्मान निधि का लाभ भी प्राप्त हो रहा है।मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक कहा यह आपके भाई की सरकार है, यदि पटवारी, पंचायत या किसी भी सरकारी काम में परेशानी हो, तो खुलकर बताना। हम सख्ती से कार्रवाई करेंगे। ये सरकार जनता की सेवा के लिए है।बेहतर काम करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।
अंजलि बरमैया (डोरली छतरपुर) निवासी ने बताया कि इस राशि से अब वह बच्चों की कोचिंग फीस आसानी से भर पा रही है। उनके पति इलेक्ट्रिशियन हैं और अभी किराए से रहती है।,मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंता नहीं करो प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का घर भी मिलेगा।

अंजू सोनी सिवनी नगरीय क्षेत्र निवासी ने बताया कि लाड़ली बहना योजना से मिली राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी है। वह कभी बच्चों की फीस भरती है और घर की छोटी छोटी जरूरतों को पूरा करती है। इस योजना ने इतना साहस दिया है कि अब पति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।अब वह इस राशि से सिलाई के काम को दुकान के रूप में ले जाकर अपना कारोबार शुरू करेगी।

शक्ति चौहान ने बताया की वह बैंक सखी के रूप में ग्रामीण बैंक में काम करती है। समूह की महिलाओं द्वारा लिए गए लोन की राशि का भुगतान अब समय पर हो रहा हैं।

बहन चैनकली डहेरिया ने मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह प्रकट करते हुए कहा वह अपने भाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए सब्जी और रोटी लेकर आई है।मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि यह स्नेह और विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है।

पेशे से वकील शिव चंद्रवंशी ने बताया कि उनकी पत्नी प्राइवेट जॉब करती हैं और उन्हें मिलने वाली लाड़ली बहना योजना की राशि परिवार के खर्च के लिए एक बड़ा सहारा सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम को संबोधित कर प्रदेश के राजस्व एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर एक विकसित राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सांसद भारती पारधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की सभी बहनों की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री की मंशा है कि हर बहन मजबूत और स्वावलंबी बने।

विधायक दिनेश राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। इसका उदाहरण सिवनी में hai आयोजित लाड़ली बहना योजना का भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुरूप आज प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों के खातों में बढ़ी हुई 1500-1500 रुपये की राशि अंतरित की जा रही है। विधायक श्री राय ने कहा कि प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

विधायक कमल मर्सकोले ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लाड़ली बहना योजना की हितलाभ राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने से बहनों को बड़ी आर्थिक सहायता प्राप्त होगी तथा उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। मंचीय कार्यक्रम के पूर्व मुख्‍यमंत्री डॉ यादव एवं अन्‍य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्‍न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्‍होंने आजीविका मिशन की स्‍व-सहायता समूह की बहनें एवं अन्‍य हितग्राहियों से उनके उत्‍पादों के संबंध में चर्चा कर उन्‍हें प्रोत्‍साहित किया। मुख्‍यमंत्री डॉ यादव ने लाड़ली लक्ष्‍मी योजना की बालिका का खीर खिलाकर अन्‍नप्राशन कराया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कन्‍या पूजन किया गया। कार्यक्रम में उन्‍होंने विभिन्‍न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया।

➡️देश की सबसे बड़ी स्क्रैप मेटल बाघ कलाकृति का हुआ अनावरण 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा पर्यटन परिसर में लोहे के स्क्रैप मटेरियल से बनी विश्‍वस्‍तरीय विशालकाय बाघ कलाकृति का अनावरण किया। यह कलाकृति मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के तीन आर (Reduce, Reuse, Recycle) सिद्धांतों पर आधारित है। कलाकृति का निर्माण सिवनी जिले के कलाकारों द्वारा श्री ऋषभ कश्यप के नेतृत्व में लगभग 200 दिनों में किया गया। इसमें पुरानी साइकिलें, पाइप, जंग लगी चादरें व अन्य स्क्रैप सामग्री का उपयोग किया गया है। यह कलाकृति 17 फीट 6 इंच ऊंची, 40 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी है। वर्ल्ड रिकॉर्ड एकेडमी के अनुसार अब तक की सबसे बड़ी बाघ कलाकृति अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में 8 फीट ऊंची और 14 फीट लंबी है, जिससे पेंच की यह कलाकृति आकार में कहीं अधिक बड़ी है।

➡️ कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति

कार्यक्रम में सांसद फग्‍गनसिंह कुलस्‍ते, जिला पंचायत अध्‍यक्ष मालती डहेरिया, जिला अध्‍यक्ष भाजपा श्रीमती मीना बिसेन, प्रदेश युवा मोर्चा अध्‍यक्ष वैभव पवार, पूर्व सांसद ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, नगरपालिका अध्‍यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, विशिष्‍ट जनप्रतिनिधि, संभागायुक्‍त धनजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्‍टर शीतला पटले, एसपी शसुनील कुमार मेहता सहित अन्‍य गणमान्‍य नागरिक एवं बड़ी तादात में लाड़ली बहनें मौजूद थी। 
 


         संवाददाता - देवेन्द्र ठाकुर