बिजली विभाग शहर संभाग का स्टेनो निकला बिजली चोर, एई ने मारी रेड, बनाया प्रकरण


आम उपभोक्ताओं को लूटने और औसत बिल देने वाले विभाग के कर्मचारी पद का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं। बिजली चोरी कर घर रोशन कर रहे। शहर संभाग में पदस्थ डीई के स्टेनों के घर पर एई ने रेड मारी तो दंग रह गए। घर में मीटर नहीं लगा था। एसी पर एसी लगीं थी। भाई भी बिना कनेक्शन के बिजली जला रहा था। दोनों के खिलाफ प्रकरण बना है।। शहर संभाग के अधिकारी शहर में तो कमाल कर ही रहे हैं। इनके मातहत कर्मचारी और रिश्तेदार दूसरे डिवीजन में भी कमाल कर रहे हैं। शहर संभाग में स्टेनों के पद पर पुष्पेन्द्र पाण्डेय पदस्थ हैं। इनका घर बैसा में बना हुआ है। इनके भाई का भी घर बैसा में है। इन दोनों ने पद का दुरुपयोग किया। सालों से बिजली का दोहन करते आ रहे थे। भाई भी बिना कनेक्शन के ही बिजली जला रहा था और स्टेनों ने सिर्फ नाम का कनेक्शन लेकर रखा था। पूरी बिजली अवैध तरीके से जला रहा था। बैसा में इनका आलीशान बंगला है। हर सुख सुविधा की चीजें मौजूद हैं। घर में कई ऐसी लगी है। अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण लगे हैं लेकिन फेज सिंगल ही है। इनके यहां थ्री फेज कनेक्शन अब तक नहीं है। लोड भी नहीं बढ़ाया गया था। अब रेड के बाद ही लोड बढ़ाया गया है। इनके घर पर पहले भी छापा पड़ा था लेकिन प्रभाव के कारण मामले को दबा दिया गया था। अब फिर से एई पूर्व संभाग ने रेड मारी है। भाई के खिलाफ भी प्रकरण बनाया है। स्टेनों भी लपेटे में आए हैं।

अब देखिए स्टेनों साहब के 6 महीनों की रीडिंग और बिल

बैसा निवासी पुष्पेन्द्र पाण्डेय शहर संभाग में पदस्थ हैं। डीई नरेन्द्र मिश्रा के रिश्तेदार भी हैं। इनके स्टेनों भी हैं। इनका बिजली कनेक्शन नंबर एन 1488013232 है। इन्हें सिंगल फेज कनेक्शन जारी हुआ है। लोड 5 किलोवाट का है लेकिन बिल मामूली ही आता है। इसके पीछे वजह फर्जी मीटर लगा बता कर रीडिंग दर्ज की जाती है। जबकि मौके पर मीटर नहीं लगा था। इन्हें अक्टूबर 2025 पेड नवंबर का बिल 28 यूनिट का आया है। 192 रुपए का बिल जारी हुआ। 92 रुपए सब्सिडी मिल गई। अब 88 रुपए का फाइनल बिल जारी हुआ। इसी तरह मई महीने में 107 यूनिट, जून 2025 में 87 यूनिट, जुलाई का 102 यूनिट, अगस्त का 130 यूनिट और सितंबर 2025 का सिर्फ 33 यूनिट का बिल जारी किया गया।

लोड बढ़ाया गया, मीटर भी लगाया जाएगा

एई कुंदन कुमार ने बताया कि बैसा निवासी पुष्पेन्द्र ङ्क्षसह के घर पर छापा मारा गया है। इसके पहले भी छापामार कार्रवाई की गई थी। इस बार उनका लोड भी बढ़ाया गया है। नया मीटर भी इश्यू किया गया है। जल्द ही मीटर लगा दिया जाएगा। प्रकरण बनाया गया है। इस बार बिल में जुड़ कर प्रकरण की राशि आएगी। इनके भाई के घर पर कनेक्शन ही नहीं था। उनका भी प्रकरण बनाया गया है।

संवाददाता :- आशीष सोनी