घर के आंगन में उगा रखा था गांजे का पेड़, खुटार पुलिस ने पकड़ा


खुटार पुलिस ने नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से गांजा का पेड़ उगाने वाले, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को उसके घर के आंगन में पपीते के पेड़ की आड़ में हरा भरा गांजे का पेड़ बरामद हुआ है, जिसका वजन करीब 25 किलो बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी अनुसार बीते दिन 18 दिसम्बर को चौकी प्रभारी खुटार उपनिरीक्षक शीतला यादव को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बनौली निवासी रमाकांत पटेल ने अपने घर के पीछे पपीता के पेड़ के पास अवैध रूप से गांजा का पेड़ लगा रखा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं सीएसपी पी.एस. परस्ते के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार से प्राप्त निर्देश के बाद चौकी प्रभारी द्वारा गठित पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुँची, जहाँ आरोपी रमाकांत पटेल पिता मुंदी लाल पटेल उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम बनौली के कब्जे से गांजा का एक बड़ा हरा पेड़ बरामद कर जप्त किया। जप्त गांजा का कुल वजन 25 किलो 660 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.5 लाख है। आरोपी का उक्त कृत्य धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

उक्त कार्यवाही में उपनिरीक्षक शीतला यादव, सहायक उपनिरीक्षक जे.पी. वर्मा, प्रधान आरक्षक उमेश विश्वकर्मा, गणेश मीणा, राय सिंह, रवेन्द्र सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, रामबहोर रावत, रामदरश, आरक्षक रमेश यादव, गौरव यादव, उमेश अहिरवार, विनोद शाक्य, राजेश यादव, अभिषेक कुशवाहा, महिला आरक्षक शिवानी बौद्ध की सराहनीय भूमिका रही।

संवाददाता :- आशीष सोनी