बैढ़न में यातायात व्यवस्था सिस्टम फेल, पुलिस अधिकारियों का दावा हवा हवाई


जिला मुख्यालय बैढ़न की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पुलिस और प्रशासन चाहे जितने दावे कर लें, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।

 दिन गुरुवार को अपराह्न लगभग 3:30 बजे कॉलेज चौराहा-बिलौंजी क्षेत्र में हालात इतने बदतर हो गए कि सड़क पर यातायात पुलिस का एक भी जवान दूर-दूर तक नजर नहीं आया। चौराहे पर अव्यवस्थित तरीके से दौड़ते वाहन और पुलिस की गैरमौजूदगी ने पूरे इलाके को जाम में तब्दील कर दिया। स्थिति यह थी कि बाइक तक निकालना मुश्किल हो गया। करीब 200 मीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें ऑटो, कार, बाइक और भारी वाहन एक-दूसरे में फंसे रहे। राहगीर, छात्र, नौकरीपेशा लोग और मरीजों को ले जाने वाले वाहन सभी जाम में कराहते नजर आए। लोग बार-बार सवाल करते रहे कि जब यह शहर का प्रमुख और व्यस्ततम चौराहा है, तो यहां यातायात पुलिस आखिर क्यों नहीं तैनात थी। इसी दौरान कॉलेज तिराहा पर भी हालात कुछ अलग नहीं थे।

दिखावटी दावा ज्यादा, ठोस कार्रवाई से परहेज

पुलिस अधिकारी समय-समय पर शहर की यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के दावे करते नहीं थकते, लेकिन बैढ़न की सड़कों पर सच्चाई बिल्कुल उलटा दिखाई देती है। न नियमित पेट्रोलिंग, न चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी और न ही नियमों का सख्त पालन- यही कारण है कि शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सिस्टम फेल की स्थिति में पहुंच चुकी है। इस हालात से आमजन और प्रबुद्ध नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और सुस्त रवैये के कारण हर दिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दिखावटी दावों के बजाय जमीन पर ठोस कार्रवाई की जाए, प्रमुख चौराहों पर स्थायी यातायात पुलिस तैनात की जाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। जब तक पुलिस अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएगी, तब तक बैढ़न की यातायात व्यवस्था ऐसे ही दम तोड़ती रहेगी।

संवाददाता :- आशीष सोनी