'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक घंटे में परिजनों से मिलाई 2 साल की मासूम
जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे प्रजापति मोहल्ला निवासी मंगल पुत्र सीताराम प्रजापति को एक 2 वर्षीय बालिका रोती हुई मिली। मंगल प्रजापति ने जागरूकता दिखाते हुए बच्ची को तुरंत पुलिस चौकी मगरौनी पहुँचाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी नरवर विनय यादव के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बालिका का फोटो लेकर आसपास के गांवों और मोहल्लों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
महज 1 घंटे में मिली सफलता
पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि एक घंटे के भीतर ही बालिका की पहचान वैशाली (2 वर्ष) पुत्री हिमेश कुशवाह, निवासी खारा कुआं मगरौनी के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल उसकी मां नीलम कुशवाह (25 वर्ष) को सूचित किया।
नीलम ने बताया कि वह घर के बाहर काम कर रही थी, तभी बच्ची खेलते-खेलते अचानक कहीं निकल गई थी। जब पुलिस ने बच्ची को उसकी मां को सुपुर्द किया, तो परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने पुलिस प्रशासन और जागरूक नागरिक मंगल प्रजापति का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस त्वरित सफलता में निरीक्षक विनय यादव, चौकी प्रभारी मगरौनी उनि. प्रियंका शुक्ला, प्रधान आरक्षक दिलीप राजावत, आरक्षक अनिल चतुर्वेदी, रविन्द्र भास्कर, राघवेन्द्र तोमर और शिवराज यादव की विशेष भूमिका रही।
संवाददाता :- अंशुल सोनी

0 Comments