गोपनीयता के साथ करें, सामग्री का वितरण एवं संग्रहण, 43 परीक्षा केंद्रों पर 24 हजार से अधिक छात्र होंगे शामिल


सिंगरौली जिले में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की घटना नहीं होनी चाहिए। सीईओ ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ.-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा सामग्री का वितरण और संग्रहण पूरी गोपनीयता और सुरक्षा के साथ किया जाए। परीक्षा सामग्री का वितरण दिन शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट उमावि बैढ़न से किया गया, जिसे पुलिस सुरक्षा में संबंधित थानों में सुरक्षित रखा जाएगा। जिले में कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10वीं के 14,311 और 12वीं के 10,074 सहित कुल 24,385 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था या नकल की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीईओ एसबी सिंह, सहायक संचालक कविता त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता :- आशीष सोनी