शास्त्री की कथा को बनाया हथियार, पत्नी ने ही रची पति की मौत की साजिश: 6 साल छोटे युवक से रचाई दूसरी शादी, फिर प्रेमी संग मिलकर...



मध्य प्रदेश के दतिया में कातिल पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने की ऐसी खौफनाक साजिश रची कि हर किसी का दिल दहल उठा। महिला ने पहले 6 साल छोटे युवक से शादी रचाई। लेकिन उसके अन्याय से तंग आकर तीसरे आशिक के साथ मिलकर उसे दर्दनाक मौत दे दी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा को अपना हथियार बनाया।


पति की मौत के बाद 6 साल छोटे शख्स से शादी:

दरअसल, चिरुला थाना के फुलरा ग्राम का यह पूरा मामला है जहां हेमलता नाम की महिला का पहला पति शासकीय कर्मचारी था। बीमारी से उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद उसे पति की अनुकंपा नौकरी मिल गई और वह छात्रावास अधीक्षक बन गईl इसके बाद साल 2015 में 6 साल छोटे कल्याण राणा नाम के शख्स से उसकी नजदीकियां बढ़ गई और दोनों ने शादी रचा ली। आरोप है कि कल्याण शराब के नशे में उसके साथ अक्सर मारपीट करता था और पैसों की मांग करता था। 


पति की क्रूरता के बाद पड़ोसी से बढ़ी नजदीकियां:

इस बीच हेमलता की अपने पड़ोसी अमित सूरी से बहुत नजदीकियां बढ़ गईं l पति से परेशान होकर छात्रावास अधीक्षका पत्नी ने एक खौफनाक साजिश रच डाली l उसने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की प्लानिंग की।  


धीरेन्द्र शास्त्री की कथा का बहाना, रास्ते में रेत दिया पति का गला:

आरोपी महिला डबरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की कथा सुनने के बहाने अपने प्रेमी अमित के साथ ग्वालियर से कार से रवाना हुई l रास्ते में ही उसने प्रेमी संग मिल कर पति का गला दबा दिया l दोनों को लगा कि शायद कल्याण मरा नहीं है तो जिंदा होने के शक में कटर से गर्दन रेत दी और दतिया के फुलरा ग्राम रोड पर कल्याण की लाश फेंक कर भाग निकलेl 


72 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी:

पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर देखा कि लाश का बेरहमी से गला रेता गया थाl गांव या आसपास के लोगों ने मृतक को पहचानने से इंकार कर दियाl चिरुला थाना प्रभारी नितिन भार्गव ने दतिया से सटे जिलों से संपर्क कर 72 घंटे में ही अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा लीl मृतक की शिनाख्त ग्वालियर के अर्रोली ग्राम के रहने वाले कल्याण राणा के रूप में हुईl 


कार ने करवाया गिरफ्तार:

लेकिन अब भी पुलिस के सामने बड़ा सवाल था कि कल्याण की हत्या किसने की? क्यों की? लाश फुलरा कैसे पहुंची? इन सवालों के जवाब ढूंढने के लिए नितिन भार्गव ने दतिया से ग्वालियर तक के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से पुलिस हत्या के उपयोग में लाई गई गाड़ी की मदद से मृतक की पत्नी और प्रेमी तक पहुंच गई और दोनों को गिरफ्तार कर लियाl


अब प्रेमी के साथ काटेगी जेल की सलाखें:

इस घटना से यह साबित हो गया है कि ‘इश्क, मुश्क़ और खून छिपाए नहीं छिपते।’ हेमलता ने अपने पति की हत्या की फुल प्रूफ साजिश तैयार की थी। मगर पुलिस ने साजिश के जाल को भेद डाला और अब हेमलता तथा उसके प्रेमी वहीं पहुंच गए जहाँ उन्हें पहुंचना चाहिए था।


- नोफ़िकर न्यूज़