प्रधानमंत्री ने देश बेच दिया…राहुल गांधी बोले- मुझे संसद में बोलने नहीं दिया गया...



भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के विरोध में आज कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘किसान महाचौपाल’ बुलाई है। इसे संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने का मौका नहीं मिला। राहुल ने इस दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की विवादित किताब का भी जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

राहुल बोले- प्रधानमंत्री ने देश बेच दिया:

राहुल ने कहा, “4 महीने के लिए भारत-अमेरिका का समझौता रुका हुआ था। सरकार नहीं चाहती थी कि अमेरिका की बड़ी-बड़ी कंपनियां, सोया, कपास, भुट्‌टा हिंदुस्तान में बेचें। मैं भाषण में सिर्फ नरवणे की बात नहीं कहना चाहता था। 2-3 चीजें और कहने वाला था। इसके बाद प्रधानमंत्री गए और उसी दिन डोनाल्ड ट्रंप को फोन लगाया और हिंदुस्तान के किसानों को बेच दिया। हमारा सारा डेटा भी बेच दिया।”

राहुल ने फिर किया नरवणे की किताब का जिक्र:

राहुल ने कहा, “राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं। प्रधानमंत्री ने बात नहीं की। वो अपने कमरे में छिप गए और रक्षा मंत्री से कहा कि सेना प्रमुख को कहा कि जो उचित लगे वो करें। सेना प्रमुख नरवणे अपनी किताब में लिखते हैं कि उस दिन मुझे हिंदुस्तान की सरकार ने अकेला छोड़ दिया। मैं संसद में ये बोलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बोलने नहीं दिया गया।”

राहुल के संबोधन की बड़ी बातें:

प्रधानमंत्री मोदी में दम है तो अमेरिका-भारत का समझौता रद्द करके दिखा दीजिए। ये नहीं कर सकते हैं क्योंकि अडाणी का मामला है और एपस्टीन की धमकी है। समझौते के जरिए मोदी ने पूरा डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया। मोदी ने ये अपनी छवि और राजनीतिक भविष्य को बचाने के लिए बेचा है, लेकिन वे बच नहीं सकते। ट्रंप कहता है कि हर साल हिंदुस्तान को 9 लाख करोड़ का माल खरीदना पड़ेगा। सोचिए हमारे उद्योगों का क्या होगा?

राहुल ने एपस्टीन फाइल्स पर भी सरकार को घेरा:

राहुल ने कहा, “अमेरिका में लाखों एपस्टीन फाइल हैं। उनमें ईमेल, मैसेज, वीडियो सबकुछ है। धमकाने के लिए हरदीप पुरी का नाम रिलीज किया है। ये मैसेज है कि आपने हमारी बात सुनी नहीं तो फिर उन फाइलों में से माल निकलेगा। मोदी जी आप बताइए अनिल अंबानी से आपका रिश्ता क्या है? अनिल एपस्टीन फाइल मे है। मैंने गाड़ी से देखा हर जगह अडाणी। अडाणी भाजपा का वित्तीय ढांचा है।”


- नोफ़िकर न्यूज़