जर्जर सफाई वाहनों को लेकर दमोह में हड़ताल, आश्वासन के बाद लौटे कर्मचारी



दमोह नगर पालिका के सफाई वाहनों के चालकों ने शनिवार को काम बंद कर हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि शहर की सफाई में लगे ट्रैक्टर, ट्रॉली, अपर-डिपर, ट्राला और जेसीबी जैसे कई वाहन लंबे समय से सर्विसिंग के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। कुछ वाहन तो कंडम हालत में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि कई वाहनों का वर्षों से बीमा नहीं कराया गया है। ऐसी स्थिति में दुर्घटना होने पर विभाग और चालकों दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनका कहना था कि सफाई कर्मियों से ड्राइविंग का काम लिया जा रहा है, जबकि उन्हें उसी के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा।

हड़ताल के कारण शोभानगर स्थित फिल्टर प्लांट पर सभी वाहन खड़े हो गए और शहर में कचरा उठाव प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र सिंह लोधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को जल्द व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया।

नियमित, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि वे पहले भी कई बार अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने वाहनों का तुरंत बीमा कराने, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने और वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग रखी।

सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने आश्वासन दिया कि जिन वाहनों का बीमा नहीं है, उनका बीमा सोमवार तक करा दिया जाएगा और मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए।

संवाददाता: अर्पिता बर्दिया