सेंधवा में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग
मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को कथित रूप से “औकात में रहने” की टिप्पणी किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
बयान के विरोध में सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक मोंटू सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सेंधवा को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक परंपराओं और विधानसभा की गरिमा के प्रतिकूल है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप पुतला दहन भी किया और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सार्वजनिक माफी एवं इस्तीफे की मांग की। विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
इस घटनाक्रम के बाद सेंधवा सहित प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संवाददाता:- अब्बास भुगावड़े

0 Comments