आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम बच्ची से धुलवाए बर्तन: आराम फरमाती रही कार्यकर्ता-सहायिका


 मध्य प्रदेश के सतना जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललचहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मासूम बच्ची को बर्तन धोते हुए दिखाया गया है, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका पास में बैठी आराम कर रही हैं। यह वीडियो विभाग की असंवेदनशीलता और लापरवाही को खुलकर उजागर कर रहा है।

वायरल वीडियो में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि छोटी बच्ची झुककर बर्तन साफ कर रही है, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका कुर्सी पर बैठी आराम फरमाती नजर आ रही हैं। यह मामला नागौद परियोजना क्रमांक-1 के अंतर्गत खखरौंधा ग्राम पंचायत के ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र का है। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा रजक और सहायिका अंजना लोधी पदस्थ हैं।

आरोप है कि बच्ची ने पोषण आहार मांगा था, जिसके जवाब में उसे बर्तन धोने का काम सौंप दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, लेकिन इस घटना ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है।

संवाददाता :- आशीष सोनी