मोहन के राज में लाड़ली बहना का घर से निकलना हुआ मुश्किल अवैध शराब बिक्री बनी प्रमुख समस्या
जबलपुर के लालमाटी स्थित शुक्ला होटल क्षेत्र में खुलेआम चल रही अवैध शराब बिक्री से स्थानीय लोग परेशान हैं। दिन में पाँच से छह बार असामाजिक तत्व शराब के नशे में गली-मोहल्लों में गाली-गलौज और गलत तरीके से महिलाओं पर कमेन्ट करते हुए नजर आते हैं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं और स्कूली छात्राओं का घर से निकलना हुआ दूभर
अवैध शराब की बिक्री से सबसे ज़्यादा असर महिलाओं और स्कूली छात्राओं पर पड़ रहा है। कई महिलाएं डर के कारण घर से बाहर निकलने में हिचकिचा रही हैं, वहीं स्कूल और नौकरी पर जाने वाली लड़कियों को रोज़ाना अपमानजनक शब्द और अश्लील कमेंट का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरी गली शराबियों का अड्डा बन चुकी है,जिससे महिलाएं घर में कैद हो कर रह गई है।
पुलिस की निष्क्रियता पर उठ रहे कई सवाल
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस मामले में पुलिस की घोर लापरवाही सामने आ रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लगातार कई बार शिकायत की गई लेकिन कई शिकायतों के बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। कभी-कभार पुलिस पहुंचती भी है तो कथित तौर पर घूस लेकर मामला दबा दिया जाता है, जिससे शराब माफियाओं और शराबियों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
विधायक लखन घनघोरिया के क्षेत्र में बढ़ी अवैध शराब की पैकारी
जबलपुर में बढ़ते अवैध शराब की पैकारी से लाड़ली बहना अब अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है साथ ही घर से निकलने में भी अब गुरेज कर रही है।
स्थानीय रहवासियों ने किया विरोध
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की जाए, ताकि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
संवाददाता :- ख़ुशी ढिमोले

0 Comments