सेंट्रल बैंक में चोरी का प्रयास हुआ असफल, अलार्म बजते ही भागा चोर; इनकी तत्परता से टली वारदात...
दमोह जिले के हटा नगर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में देर रात चोरी का प्रयास किया गया। बैंक अलार्म और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
दमोह जिले के हटा नगर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, हटा में अज्ञात चोर द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। बैंक में लगे अलार्म और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना होने से बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जिसके चलते आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले ही फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात अज्ञात व्यक्ति बैंक के पीछे स्थित एक खिड़की के माध्यम से बैंक परिसर में दाखिल हुआ। इसी दौरान बैंक की सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई और अलार्म बजने लगा। अलार्म की सूचना बैंक के दिल्ली स्थित सर्वर और कर्मचारियों तक पहुंची, जिसके बाद तत्काल हटा थाना पुलिस को सूचित किया गया।
सघन सर्च अभियान चला रही है पुलिस:
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर बेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी और अलार्म बजने के कारण आरोपी बैंक से भागने में सफल रहा। घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार सुबह दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी भी हटा पहुंचे और बैंक का निरीक्षण किया।
एसपी सोमवंशी ने बताया कि यह चोरी का प्रयास था, जिसमें कोई नुकसान नहीं हुआ है। बैंक के सभी लॉकर पूरी तरह सुरक्षित हैं। डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम द्वारा बैंक परिसर की गहन जांच की गई है। कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, हालांकि वे स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस टीम क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चला रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नोफ़िकर न्यूज़ दमोह

0 Comments