डैम में नाव से गिरकर युवक लापता, रील वीडियो बनाते समय संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष शाह अपने साथियों अरविंद शाह, आशीष साकेत और नाव चालक सोनू खैरवार के साथ नाव में सवार थे। इसी दौरान संतोष नाव पर खड़े होकर रील वीडियो बना रहे थे। तभी संतुलन बिगड़ने से वह अचानक डैम के पानी में गिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि संतोष अविवाहित थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह दूध बेचकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बैढ़न पुलिस हरकत में आ गई। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस बल, एसडीईआरएफ, होमगार्ड एवं आपदा मित्र की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार संतोष अपने दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से डैम किनारे गया था। बताया गया कि डैम किनारे खड़ी नाव का उपयोग मछली पकड़ने के लिए किया जाता है। नाव में सवार किसी भी व्यक्ति ने सुरक्षा जैकेट नहीं पहन रखी थी, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।
नगर पुलिस अधीक्षक ने खोज अभियान के लिए तीन नाव मशीनों को लगाया है, साथ ही एनडीईआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, जिसके देर रात तक सिंगरौली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया, जिसे सुबह पुनः शुरू किया जाएगा।
इधर परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments