अवैध शराब का खुला खेल, वाहनों से गांव-गांव पहुंच रही शराब, वीडियो वायरल.....


स्थानीय तहसील सरई क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार इन दिनों चरम पर पहुंच गया है। गांव-गांव बोलेरो सहित अन्य चार पहिया वाहनों से भारी मात्रा में शराब पहुंचाई जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले से अनजान बने हुए हैं। क्षेत्र में खुलेआम हो रहे इस अवैध परिवहन ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बोलेरो वाहन से बड़ी मात्रा में शराब उतारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग खुले तौर पर कह रहे हैं कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब बिना किसी संरक्षण के संभव नहीं है और जिम्मेदार विभाग जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं। सबसे बड़ा सवाल म.प्र. आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। जिला स्तर से लेकर स्थानीय निरीक्षक तक इस गंभीर अवैध कारोबार पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि विभागीय मिलीभगत के कारण ही शराब माफिया बेखौफ होकर गांव-गांव अवैध शराब खपा रहे हैं। यह स्थिति कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। हालांकि बरका पुलिस ने आरोपी चालक से शराब जप्त कर कार्रवाई की है। परंतु आरोप है कि आबकारी अमला संरक्षण देख रखा है।

अधिकांश गांव में पहुंच रही देशी-विदेशी शराब

अवैध शराब के इस बढ़ते कारोबार का सबसे ज्यादा असर युवा वर्ग और ग्रामीण समाज पर पड़ रहा है। कई युवा इसकी गिरफ्त में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। वहीं आदिवासी क्षेत्रों में भी शराब की खपत तेजी से बढ़ी है, जिससे सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं गहराती जा रही हैं। शराब के सेवन के कारण आए दिन सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है। अब देखना यह होगा कि आबकारी के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले में कब तक चुप्पी साधे रहते हैं या फिर कोई ठोस कार्रवाई कर अवैध शराब माफियाओं पर शिकंजा कसते हैं।

संवाददाता :- आशीष सोनी