गैस पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे बने हादसों का कारण,तीन महीने बाद भी नहीं मरम्मत....


नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र के करीब कई वार्डों में गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी और दुर्घटना का कारण बनते जा रहे हैं। 

वार्डवासियों का आरोप है कि पाइप लाइन डालने के बाद संविदाकार द्वारा सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे मोहल्लों की सड़के जगह-जगह क्षतिग्रस्त और खतरनाक स्थिति में हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह समस्या पिछले तीन महीनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक जिम्मेदार संविदाकार और नगर निगम के अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण बाइक चालक और अन्य वाहन चालक हमेशा डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के अधिकारी संविदाकार पर मरम्मत कार्य पूरा कराने के लिए दबाव नहीं बना पा रहे हैं, जिससे संविदाकार लापरवाही बरत रहा है। लोगों का कहना है कि गैस पाइप लाइन का कार्य पूरा हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन सड़क की स्थिति पहले से ज्यादा खराब हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द सभी वार्डों में सड़कों की मरम्मत कराने और संविदाकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिको ने इस ओर निगमायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।

संवाददाता :- आशीष सोनी