सिलफोरी में गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन परियोजना को लेकर पर्यावरणीय जनसुनवाई संपन्न





सिंगरौली जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत गोरहा पहाड़ क्षेत्र में प्रस्तावित स्वर्ण खनन परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त करने हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई मध्य प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा ग्राम पंचायत , सिलफोरी में संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। जनसुनवाई के दौरान परियोजना प्रस्तावक संस्था मेसर्स कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई।

परियोजना का प्रस्तावित क्षेत्रफल 149.30 हेक्टेयर

कंपनी के अनुसार गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन ब्लॉक का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल 149.30 हेक्टेयर है। परियोजना के अंतर्गत स्वर्ण अयस्क उत्पादन क्षमता 0.13 मिलियन टन प्रति वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं कुल खुदाई क्षमता 1.12 मिलियन टन प्रतिवर्ष होगी, जिसमें 0.13 MTPA स्वर्ण अयस्क 0.99 MTPA अपशिष्ट सामग्री शामिल है। यह परियोजना क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ग्रामीणों ने रखीं प्रमुख मांगें

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं शर्तें बारी-बारी से प्रस्तुत कीं। ग्रामीणों की प्रमुख मांगें रही जिनमें खनन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व प्रभावित परिवारों के लिए आवासीय व्यवस्था शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उचित मुआवजा एवं पुनर्वास नीति का क्रियान्वयन ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी कि परियोजना से प्रभावित गांवों के श्रमिकों को बेहतर वेतन तथा आधुनिक विद्यालय एवं चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कंपनी ने पारदर्शिता एवं नियमों के पालन का दिया आश्वासन

कंपनी के सीईओ ने ग्रामीणों की मांगों एवं सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कंपनी किसी भी निर्णय को पारदर्शिता के साथ लेगी तथा सभी नियमों का पालन करते हुए ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा सुझाव रिपोर्ट में होंगे शामिल

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों को रिपोर्ट में सम्मिलित कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। अब परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति जनसुनवाई रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।

इन गांवों पर पड़ेगा प्रभाव

परियोजना के अंतर्गत स्थानीय सिलफोरी, कतरिहार, सिधरी, सिरगुड़ी, सिधार, भोष, खैरान, गौरहवा सहित कई गांव प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने मांग की कि इन क्षेत्रों के लोगों को रोजगार एवं सुविधाओं में प्राथमिकता दी जाए।

कार्यक्रम में रहे प्रमुख अधिकारी उपस्थित

जनसुनवाई में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे कुंदन गोल्ड माइंस के सीईओ गौरव दुआ,एडमिन एक्जीक्यूटिव संजय कुमार विश्वकर्मा,जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे,एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा,एमपीपीसीबी आरओ रतिपाल ठाकुर ग्राम पंचायत पदाधिकारी।

क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

गोरहा पहाड़ स्वर्ण खनन परियोजना को लेकर आयोजित यह जनसुनवाई क्षेत्र में विकास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। कंपनी ने स्थानीय जनहित को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

संवाददाता :- आशीष सोनी