क्या सिंगरौली  में हुआ वेंडर घोटाला , फर्जी फर्मों से लाखों के  बंदरबांट की आशंका

जनपद पंचायत चितरंगी अंतर्गत ग्राम पंचायत भौंड़ार, चिनगो  में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि वेंडरों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन गांवों में संबंधित कार्य और सामग्री का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला।

स्थानीय ग्रामीणों और उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार पंचायत सचिवों पर फर्जी बिल और वाउचर तैयार कर भुगतान लेने का आरोप लगाया गया है। निर्माण सामग्री, कंप्यूटर कार्य, स्टेशनरी और अन्य सेवाओं के नाम पर राशि निकाली गई, जबकि धरातल पर काम नजर नहीं आया। पूरे मामले में ‘माता पार्वती कंस्ट्रक्शन नामक फर्म पर गंभीर सवाल उठे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एक ही फर्म के नाम पर अलग-अलग प्रकार के कार्यों के बिल लगाकर नियमों का उल्लंघन किया गया।

मामले में जनपद स्तर के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि भुगतान की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे प्रशासनिक संरक्षण की आशंका जताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार मामले से जुड़े दस्तावेज और भुगतान विवरण लोकायुक्त संगठन तक पहुंचा दिए गए हैं। यदि जांच शुरू होती है तो पंचायत सचिवों के साथ अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। ग्रामीणों ने पिछले दो वर्षों के सभी भुगतानों की जांच, वेंडरों के पंजीकरण और कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।

संवाददाता :- आशीष सोनी