सरकारी कृषि भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग


सिंगरौली कोरावल तहसील अंतर्गत एक ग्राम पंचायत क्षेत्र नेवारी में सरकारी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खसरा नंबर 371 सड़क है और 372, रकबा लगभग 0.62 हेक्टेयर शास. कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भूमि राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय कृषि भूमि के रूप में दर्ज है। इसके बावजूद वहां पर मकान निर्माण, बाउंड्री वॉल और अन्य स्थायी ढांचे बनाए जा रहे हैं। आरोप है कि कब्जाधारियों द्वारा खुलेआम निर्माण कार्य कराया जा रहा है और प्रशासनिक अमला इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। इससे गांव में असंतोष का माहौल बन गया है। शिकायतकर्ता ग्रामीणों ने बताया कि भूमि पर अवैध कब्जा होने से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि भविष्य में विवाद की स्थिति भी बन सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अन्य लोग भी शासकीय भूमि पर कब्जा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। ग्रामीणों ने तहसीलदार और एसडीएम से मांग की है कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर सीमांकन कराया जाए और अवैध कब्जा हटाया जाए, साथ ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि प्रशासन की उदासीनता के चलते अवैध निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद राजस्व विभाग कब तक मौके पर जांच कर कार्रवाई करता है और शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराता है या नहीं।

संवाददाता :- आशीष सोनी