धूल-धुएं में घुटती जनता, बढ़ता खतरा,  प्रशासन की चुप्पी से रहवासियों में बढ़ रही नाराजगी



 एनटीपीसी विंध्याचल के बलियरी ऐश डैम से फ्लाई ऐश परिवहन अब उद्योग नहीं, खुलेआम गुंडागर्दी बन चुका है। तय रूट को ठेंगा दिखाते हुए राख से लदे भारी हाइवा हिर्रवाह रोड से धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। ठेकेदारों को न नियम की परवाह है, न जनता की सुरक्षा की।

नपानि द्वारा 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से बनाई गई पीसीसी सड़क पर इन ओवरलोडेड वाहनों का कहर साफ  नजर आ रहा है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, गहरे गड्ढे बन गए हैं और दरारें भविष्य के बड़े हादसे का संकेत दे रही हैं। जनता पूछ रही है, क्या यह सड़क सिर्फ  ठेकेदारों को बर्बाद करने के लिए बनाई गई थी। बलियरी से राख परिवहन का निर्धारित मार्ग इंडस्ट्रियल एरिया, तीन नंबर गेट,  सासन शिवपहड़ी, सासन कन्वेयर रोड हैं, लेकिन डीजल और समय बचाने की एवज में हिर्रवाह रोड को अवैध शॉर्टकट बना दिया गया है। यह मार्ग घनी आबादी वाला है, जहां स्कूल, दुकानें और घर मौजूद हैं। उड़ती फ्लाई ऐश से पूरा इलाका धूल में डूबा है। बच्चों,  बुजुर्गों व महिलाओं को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन जैसी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। पिछले महीने राख से लदे हाइवा पलटने की घटनाएं चेतावनी थीं, लेकिन सिस्टम अब भी नींद में है। स्थानीय निवासियों ने कलेक्टर से दो टूक मांग की है कि हिर्रवाह रोड पर भारी वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। 

दिव्यांगजनों की प्रतिभा, पर्पल फेयर  का आयोजन 6 को

दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को समाज के समक्ष सशक्त रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पर्पल फेयर का आयोजन 6 फरवरी को अटल बिहारी सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 42, बिलौंजी में किया जा रहा है। यह आयोजन दिव्यांगता को कमजोरी नहीं, बल्कि क्षमता और सामर्थ्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का आयोजन समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास,  पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र सीआरसी द्वारा किया जा रहा है, जो अली यावर जंग राष्ट्रीय वाक् एवं श्रवण दिव्यांगजन संस्थान, मुंबई के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय,भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत है।


संवाददाता :- आशीष सोनी