"मेरा सेक्टर,सबसे बेहतर" जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई पहल


 जिला सिंगरौली में स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा "मेरा सेक्टर, सबसे बेहतर" कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठकें विकासखंड माडा, चितरंगी एवं देवसर में आयोजित की गईं। यह बैठक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी, सामुदायिक भवन माडा एवं मंगल भवन देवसर में संपन्न हुईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

देवसर में आयोजित बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पुष्पराज सिंह ठाकुर, डीपीओ आईसीडीएस जितेन्द्र गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं सीबीएमओ देवसर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेक्टर सरौंधा एवं देवसर के आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ, एएनएम एवं सेक्टर सुपरवाइजर की उपस्थिति में विभिन्न स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चितरंगी में आयोजित बैठक में सेक्टर चितरंगी एवं नौगई के कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएस बैस, सत्येंद्र सोधिया सीडीपीओ, डॉ. गंगा जायसवाल आरबीएसके, प्रदीप निगवाल डीसीएम, रामलाल कोरी बीपीएम, छत्रपति सिंह बीसीएम एवं निखिल द्विवेदी आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने दिया जोर

विकासखंड माडा में बैठक डॉ. पंकज सिंह एवं डॉ.विशेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, शत-प्रतिशत टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं ऑनलाइन पोर्टल में समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि सेक्टर स्तर पर पाई गई कमियों को दूर करने के लिए दोनों विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इस पहल से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है।

संवाददाता :- आशीष सोनी