‘मुझे बोलने का मौका मिलेगा या नहीं?’ राहुल गांधी के सवाल पर लोकसभा में भारी हंगामा, स्थगित...


बजट सत्र के 9 वें दिन लोकसभा की कार्यवाही केवल 13 मिनट ही चल पाई। विपक्ष सदन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने देने की मांग कर रहा है। राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा कि 1 घंटा पहले स्पीकर के पास हम गए, स्पीकर ने हमें कमिट किया कि मुझे बजट डिस्कशन से पहले बोलने दिए जाएगा, आप मुझे बोलने नहीं दे रही हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप मुझे बोलने देंगी या नहीं। 3 बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो आसंदी (स्पीकर की चेयर) पर संध्या राय (भाजपा सांसद) बैठी थीं। इसके बाद जमकर हंगामा होने लगा और लोकसभा की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले विपक्ष के सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने का मौका दो के नारे लगाए। 

राहुल गांधी ने क्या कहा?
लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा, “एक घंटा पहले स्पीकर साहब के पास हम गए। तो उन्होंने हमसे कहा कि वह बोलने देंगे। हमें अब बोलने का मौका दिया जाएगा या नहीं?” इस पर पीठासीन ने कहा कि आपकी तरफ से किसी विषय पर नोटिस नहीं दिया गया है।

किरेन रिजिजू ने दिया ये जवाब:
राहुल गांधी के यह दावा करने के बाद कि उन्हें सोमवार को फिर से सदन में बोलने की इजाजत नहीं दी गई, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ किया कि स्पीकर ने गतिरोध को खत्म करने की पहल की थी और राहुल गांधी की बातें “पूरी तरह सही नहीं थीं।”

प्रियंका बोलीं- मोदी की सदन में आने की हिम्मत नहीं:
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि स्पीकर पर इतना प्रेशर है कि उन्हें खुद बयान देना पड़ रहा है, जो सही नहीं है। इसका सवाल ही नहीं उठता कि कोई मोदी जी पर हाथ उठाए। सदन में कांग्रेस की 11 महिला सांसद हैं, जिनमें से मैं भी एक हूं। सभी महिला सांसद सीरियस पॉलिटिशियंस हैं। स्पीकर ने उनका अपमान किया है। स्पीकर पर सरकार ने ऐसा कहने का प्रेशर डाला है। नरेंद्र मोदी की हिम्मत नहीं हुई सदन में आने की, इसलिए स्पीकर से सफाई दिलवा रहे हैं।

ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है विपक्ष:
वहीं, विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। न्यूज एजेंसी IANS ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है। यह प्रस्ताव पेश करने के लिए कम से कम 50 सांसदों का समर्थन जरूरी होता है। इसके लिए सदन में 14 दिन पहले लिखित नोटिस देना होता है।

हंगामे की भेंट चढ़ा आज का दिन:
इससे पहले विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध के बीच सोमवार को दो बार स्थगित होने के बाद दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हुई। राहुल गांधी ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, “स्पीकर ने हमसे वादा किया था कि मुझे बजट चर्चा से पहले बोलने दिया जाएगा। इसलिए मैं चेयर से जानना चाहता हूं कि क्या मुझे वे बातें रखने की इजाजत दी जाएगी।” स्पीकर ओम बिरला ने जवाब दिया कि ऐसा कोई नोटिस नहीं मिला है और सांसदों से बजट चर्चा आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

- नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश