चितरंगी बाजार से हटाया गया वर्षों पुराना अतिक्रमण, बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार 



 शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी के सामने वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह के नेतृत्व में हटाया गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग  द्वारा की गई। अतिक्रमण हटने से चितरंगी बाजार की मुख्य सड़क पर यातायात सुचारू हुआ और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

           बताया गया कि स्थानीय व्यापारियों द्वारा सड़क के दोनों ओर अस्थायी दुकानें, ठेले और शेड लगाकर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था। इसके कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। विशेषकर सुबह और शाम के समय स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों द्वारा कई बार प्रशासन से शिकायत की गई थी कि अतिक्रमण के कारण बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों के एक साथ गुजरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसी को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई। प्रशासनिक टीम ने पहले व्यापारियों को समझाइस दी और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया। इसके बाद नियमानुसार अवैध निर्माण और ठेलों को हटाया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण रोजाना घंटों जाम लगता था। अब सड़क खुलने से आवागमन आसान हो गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यह कार्रवाई एक बार की न होकर नियमित रूप से की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके। तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा में ही अपनी दुकानों का संचालन करें और सड़क को बाधित न करें। प्रशासन द्वारा आगे भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। इस कार्रवाई से चितरंगी बाजार में यातायात व्यवस्था सुधरने के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध हुआ है।


संवाददाता :- आशीष सोनी