छतरपुर: स्प्रे छिड़कर 11वीं की छात्रा से ज्यादती, खेत में बेहोश मिली, शौचालय क्यों है घर में जरूरी....



मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक 11वीं क्लास की छात्रा के साथ हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा जब मंगलवार शाम शौच के लिए खेत की ओर गई थी, तब 22 वर्षीय आरोपी ने उस पर नशीला स्प्रे छिड़क कर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता खेत में लहूलुहान और बेहोशी की हालत में मिली, जिसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



तलाश के दौरान खेत में अचेत अवस्था में मिली:

परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 बजे नाबालिग घर से खेत की ओर निकली थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद छात्रा खेत में खून से सने कपड़ों में और बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। इस मंजर को देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां छात्रा का इलाज चल रहा है।


छोड़ दो, बचा लो' कह कर फिर हुई बेहोश:

परिजनोंं ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान जब पीड़िता को कुछ पलों के लिए होश आया, तो उसके चेहरे पर भारी दहशत थी। परिजनों ने बताया कि वह बदहवास होकर छोड़ दो, बचा लो जैसे शब्द चिल्लाने लगी और फिर से अचेत हो गई। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर निरंतर नजर बनाए हुए है और उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी आदित्य पटले, कोतवाली थाना प्रभारी और सिविल लाइन थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों से पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से लेते हुए 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


- नोफ़िकर न्यूज़ मध्यप्रदेश