13 घंटे तक विमान में रहा महिला का शव, 331 यात्री बदबू से हुए परेशान

हांगकांग से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA32 में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। करीब 60 साल की एक महिला यात्री की उड़ान भरने के महज 1 घंटे बाद ही मौत हो गई लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि फ्लाइट को बीच में नहीं रोका गया और महिला का शव पूरे 13 घंटे तक विमान में ही रखा रहा।

क्रू मेंबर्स ने पहले शव को टॉयलेट में रखने का सोचा, लेकिन बाद में उसे कंबल में लपेटकर प्लेन के पीछे मौजूद गैली में रख दिया गया। गैली वही जगह होती है जहां यात्रियों के लिए खाना-पीना तैयार किया जाता है।

इस जगह का फर्श गर्म होने की वजह से धीरे-धीरे शव से बदबू फैलने लगी।जैसे-जैसे फ्लाइट आगे बढ़ती गई, पीछे बैठे यात्रियों और स्टाफ को बदबू से काफी परेशानी होने लगी। कई यात्रियों ने इस स्थिति पर नाराजगी भी जताई।

फ्लाइट में कुल 331 यात्री सवार थे, जिन्हें पूरी यात्रा के दौरान असहज माहौल का सामना करना पड़ा नियमों के मुताबिक, उड़ान के दौरान किसी यात्री की मौत को आमतौर पर मेडिकल इमरजेंसी नहीं माना जाता, इसलिए पायलट ने फ्लाइट को बीच में नहीं रोका और लंदन तक जारी रखा।

लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पुलिस विमान में आई और जांच शुरू की। इस दौरान सभी यात्रियों को करीब 45 मिनट तक अपनी सीट पर ही बैठाए रखा गया। एयरलाइन का कहना है कि सभी नियमों का पालन किया गया और वे मृत महिला के परिवार के साथ हैं।

संवाददाता :– आशीष सोनी