घरेलू एलपीजी सिलेंडर ₹60 महंगा, जानें एमपी के बड़े शहरों के नए रेट

देश में महंगाई का एक और झटका लगा है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में ₹60 की बढ़ोतरी कर दी है. इसके साथ ही, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी ₹115 का बड़ा इजाफा किया गया है. सिलेंडर की ये नई कीमतें आज, 7 मार्च 2026 से ही पूरे देश में प्रभावी हो गई हैं.

मध्य प्रदेश के मुख्य शहरों में नई कीमतें (अनुमानित)

गैस एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमपी के प्रमुख शहरों में अब सिलेंडर के दाम कुछ इस प्रकार होंगे:

 इंदौर: ₹941.00 (पहले ₹881.00 था)

 ग्वालियर: ₹996.50 (पहले ₹936.50 था)

 उज्जैन: ₹972.50 (पहले ₹912.50 था)

 जबलपुर: ₹919.50 (पहले ₹859.50 था)

 भोपाल: ₹918.50 (पहले ₹858.50 था)

सरकार ने क्यों बढ़ाया उत्पादन? (ESMA लागू)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. इसी खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने 5 मार्च को एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1955 (ESMA) के तहत अपनी इमरजेंसी शक्तियों का इस्तेमाल किया है. सरकार ने सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को आदेश दिया है कि वे एलपीजी का उत्पादन बढ़ाएं. अब रिफाइनरियां प्रोपेन और ब्यूटेन गैस का इस्तेमाल पेट्रोकेमिकल्स (प्लास्टिक बनाने) के बजाय केवल रसोई गैस बनाने के लिए करेंगी.

भारत की विदेशी निर्भरता और कीमतों का गणित

भारत अपनी जरूरत का लगभग 67% (दो-तिहाई) एलपीजी इम्पोर्ट करता है. इसमें से करीब 85-90% हिस्सा केवल मिडिल ईस्ट के देशों से आता है. गैस की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के मूल्यों, एक्सचेंज रेट और टैक्स के आधार पर हर महीने तय की जाती हैं.

विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

कीमतों में हुई इस भारी बढ़ोतरी के खिलाफ राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'महंगाई का इंजेक्शन' लिखे पोस्टरों के साथ प्रदर्शन किया. विपक्षी नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार से इन दामों को तुरंत कम करने की मांग की है.

संवाददाता: स्वाति रजक