नरवर में पत्रकारों का जिला स्तरीय होली और ईद मिलन समारोह संपन्न 



शिवपुरी जिले के नरवर नगर में स्थित उदेलाल कुशवाहा मैरिज गार्डन में श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा जिला स्तरीय होली एवं ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में जिले की सभी तहसीलों से आए लगभग तीन सौ से अधिक पत्रकारों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी आगंतुक अतिथियों का फूल-माला, शॉल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष महताब सिंह तोमर ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ मध्य प्रदेश का सबसे विशाल संगठन है जो निरंतर पत्रकारों के हितों की रक्षा करता है। उन्होंने पत्रकारों को समाज का सच्चा सिपाही बताते हुए देशहित में कलम चलाने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि पत्रकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना चाहिए ताकि भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण हो सके। वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप माहेश्वरी ने नरवर में पत्रकार संघ के कार्यालय हेतु भूमि आवंटन के लिए विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों को पेन, डायरी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अंत में सामूहिक भोज के साथ इस सौहार्दपूर्ण मिलन समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

संवाददाता - अंशुल सोनी मगरौनी