विधायक के सामने ही फट पड़ा युवक का गुस्सा, सरेआम लगाया भ्रष्टाचार का आरोप!
शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र से विधायक देवेंद्र जैन को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एक स्थानीय युवक ने उनके सामने ही व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर तीखे सवाल दाग दिए। यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
"हमने आपको वोट दिया और आप भ्रष्टाचार करा रहे हैं..."
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत बघरवारा (थाना मायापुर) के निवासी कपिल लोधी ने विधायक देवेंद्र जैन के सामने अपना दर्द बयां करते हुए सीधा हमला बोला। युवक ने तल्ख लहजे में कहा, "विधायक जी, हमने आपको वोट देकर जिताया है और आप इलाके में भ्रष्टाचार करवा रहे हैं? यह अच्छी बात है क्या?"
राशन और सरकारी योजनाओं में धांधली का आरोप
वीडियो में युवक काफी आक्रोशित नजर आ रहा है। उसने आरोप लगाया कि गांव में गरीबों के हक के राशन में भारी बंदरबांट हो रही है। युवक का कहना था कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में बिचौलिए हावी हैं, जिसके कारण आम जनता को उनके मौलिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
विधायक के सामने बेबाक बोल
आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के सामने लोग अपनी बात कहने से कतराते हैं, लेकिन कपिल लोधी की इस बेबाकी ने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया। युवक ने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से जनता त्रस्त है और जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस तीखी नोकझोंक का वीडियो अब तेजी से प्रसारित हो रहा है। क्षेत्र के लोग इसे जनता की जागृति के रूप में देख रहे हैं, तो वहीं विपक्षी खेमे में भी इसे लेकर हलचल तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि इस 'पब्लिक ऑडिट' के बाद विधायक जी और स्थानीय प्रशासन क्या सुधारात्मक कदम उठाते हैं।
संवाददाता :- अंशुल सोनी मगरौनी

0 Comments